कसौली के चाबल गांव के समीप जंगल में भीषण आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया था और यह तेजी से आवासीय व पर्यटन क्षेत्रों की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, समय रहते एक निजी होटल के स्टाफ की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार कसौली के चाबल स्थित बैकुंठ रिजॉर्ट के आसपास के जंगलों में अचानक आग लग गई। तेज धूप और सूखी चीड़ की पत्तियों के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग इतनी भयानक थी कि इसकी चपेट में आने से आसपास के घरों और रिजॉर्ट को भारी नुकसान पहुंच सकता था। खतरे की गंभीरता को समझते हुए होटल के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाल लिया। स्टाफ ने मिलकर आग बुझाने के लिए तात्कालिक उपाय किए और आग की लपटों को होटल की संपत्ति तक पहुंचने से रोक दिया गया। उधर, वन विभाग और स्थानीय प्रशासन लगातार पर्यटकों और आम जनता से जंगलों में आग न फैलाने की अपील कर रहा है।