गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल कुनिहार में मातृ दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित माताओं और अभिभावकों का दिल जीत लिया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट संगीत तालियों की गूंज और बच्चों की मधुर प्रस्तुतियों से पूरी तरह उत्सवमय दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों ने मां के सम्मान में गीत नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मासूम अदाओं और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित माताओं को भावुक कर दिया। कई माताएं अपने बच्चों की प्रस्तुति देखकर खुशी से भावुक नजर आईं। विद्यालय प्रशासन की ओर से माँ के महत्व पर आधारित प्रेरणादायक विचार भी प्रस्तुत किए गए। इस दौरान शिक्षकों ने भी विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग जमाया। शिक्षकों की प्रस्तुति को अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। म्यूजिकल गेम्स, क्विज प्रतियोगिता और अन्य गतिविधियों में माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विजेता माताओं को विद्यालय की ओर से आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कई माताओं ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस विशेष आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों और अभिभावकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। विद्यालय प्रधानाचार्या अल्का भारद्वाज ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माँ बच्चे की पहली गुरु होती है। और उसके जीवन निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। जिससे बच्चों में संस्कार सम्मान और पारिवारिक मूल्यों की भावना विकसित हो सके।