शहर के व्यस्त मालरोड पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्कूटी चालक की लापरवाही एक महिला पर भारी पड़ गई। स्कूल बसों की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल महिला को ऑटो के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालरोड पर उस समय एक निजी स्कूल की बस खड़ी थी। इसी दौरान महिला बस के आगे से सड़क पार करने लगी। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक स्कूटी चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत महिला की मदद की और उसे अस्पताल भेजा। हादसे के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मालरोड पर निजी स्कूलों की बसों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक जल्दबाजी में गलत दिशा से वाहन निकालने की कोशिश करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल समय के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। नागरिकों का कहना है कि यदि मालरोड पर ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी नहीं बनाया गया तो भविष्य में भी इस तरह के हादसे हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।