मानसून की दस्तक के साथ सोलन शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया है। देर रात से मौसम ने करवट ली और बुधवार सुबह कई इलाकों में धुंध छाई रही। सुबह करीब 9 बजे से शुरू हुई हल्की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम में आए बदलाव से लोगों ने राहत महसूस की। बारिश किसानों और बागवानों के लिए भी राहत लेकर आई है। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और बढ़ते तापमान का असर फसलों पर पड़ रहा था। ऐसे में बारिश से खेती और बागवानी को लाभ मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक जिले में बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।