हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार की जयंती के अवसर पर सिरमौर कल्याण मंच की ओर से सोलन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुरारी मार्किट में आयोजित कार्यक्रम में सिरमौरी संस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सिरमौरी कलाकारों ने पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे और कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा। लोगों ने सिरमौरी लोक संस्कृति और परंपराओं की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने आयोजन के लिए सिरमौर कल्याण मंच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. वाईएस परमार का हिमाचल प्रदेश के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रयासों और दूरदर्शी सोच को प्रदेश हमेशा याद रखेगा। इस अवसर पर सिरमौरी धाम का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उन्होंने सिरमौरी संस्कृति से जुड़े इस आयोजन की सराहना की।