कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर पुलिस लाइन की दूसरी ओर धंसी सर्विस लेन से न्यू कथेड़ को खतरा मंडराने लगा है। न्यू कथेड़ को जा रही सड़क व शिव मंदिर के आसपास गहरी दरारें पड़ गई है। इससे आने-जाने वाले लोगों को डर सताना शुरू हो गया है। लोग दरारों को देख सहम चुके है। सड़क के किनारे रात में वाहन भी पार्क होते हैं। ऐसे में यदि सड़क धंस जाती है तो काफी दिक्कत आ जाएंगी। बताया जा रहा है कि ये दरारें हाल ही में देखी गई है। इससे पहले सर्विस लेन और डंगे के पास ही दरारें पड़ी हुई थी, लेकिन अब ये दरारें बढ़नी शुरू हो गई हैं। यहां पर न्यू कथेड़ में नाले के पास तक दरारें हैं। इस पर यदि ध्यान न दिया गया तो आगामी दिनों में यह जगह धंसने की आशंका है।