फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan: कुमारहट्टी में ओपन अध्यापक बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ, शिक्षा और खेलों में हिमाचल की उपलब्धियां गिनाईं

Ankesh Dogra Updated Mon, 13 Jul 2026 04:27 PM IST

हिमाचल प्रदेश में शिक्षा और खेलों को नई दिशा देने के उद्देश्य से सरकार इस वर्ष तीन से चार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने की तैयारी कर रही है। यह जानकारी शिक्षा विभाग के निदेशक आशीष कोहली ने कुमारहट्टी में आयोजित ओपन अध्यापक बैडमिंटन प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के दौरान दी। आशीष कोहली ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं, जिनका सकारात्मक असर राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि एक स्वतंत्र प्रदर्शन मूल्यांकन एजेंसी की रिपोर्ट में हिमाचल का शिक्षा विभाग 13वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है। वहीं, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में भी प्रदेश ने 21वें स्थान से पांचवें स्थान तक का सफर तय किया है। इसके अलावा एक स्वतंत्र संस्था 'प्रथम' ने भी शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी प्रदेश के स्कूली खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने 48 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। सरकार पहले ही हैंडबॉल और कबड्डी जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कर चुकी है और इस वर्ष तीन से चार नई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। शिक्षा निदेशक ने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए खेल छात्रावासों की संख्या 9 से बढ़ाकर 11 कर दी गई है। जिला सिरमौर के शिलाई में नया खेल छात्रावास भी शुरू किया जा रहा है। इसके साथ ही स्कूली खिलाड़ियों की दैनिक आहार राशि 120 रुपये से बढ़ाकर 240 रुपये कर दी गई है, ताकि उन्हें बेहतर पोषण और प्रशिक्षण मिल सके।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें