स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के बैनर तले मंडी में आयोजित अंडर-19 राज्य कराटे चैंपियनशिप में सोलन जिले की स्टार गोजू-रयू कराटे फेडरेशन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के दमदार खेल के दम पर फेडरेशन ने ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर फेडरेशन के चार खिलाड़ियों का चयन आगामी SGFI नेशनल कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है। फेडरेशन के संस्थापक शिहान संजय ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में हर्षित, जगदीश सिंह, मन्नत चंदेल और जन्नत चंदेल शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। चैंपियनशिप की विभिन्न स्पर्धाओं में फेडरेशन के अरमान ठाकुर, दक्षवीर और रवि मंडल ने कांस्य पदक हासिल किए। इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से उनके अभिभावकों, स्कूल और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिहान संजय ठाकुर ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, सभी कोचों के मार्गदर्शन और स्कूलों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के समर्पण और नियमित अभ्यास से यह सफलता हासिल हुई है। फेडरेशन के सभी सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली आगामी SGFI कराटे चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।