सोलन जिले के बरोटीवाला क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्राला चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यूनिकैंप चौक के पास सिक्का होटल की उतराई पर अनियंत्रित हुआ ट्राला उद्योग विभाग के कार्यालय की दीवार तोड़ते हुए इमारत के अंदर जा घुसा। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, पीबी-11 एएस-9695 नंबर का ट्राला कांटा कराने के लिए जा रहा था। सुबह करीब आठ बजे सिक्का होटल की उतराई पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्राला उद्योग विभाग कार्यालय की एक दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया और दूसरी दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राले का अगला हिस्सा और केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्राले को हटाया गया और चालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।