हरियाणा बॉर्डर पर नारायणगढ़ के नजदीक सिरमौर के ददाहू निवासी युवक की मौत के मामले में आज स्थानीय लोगों ने नाहन में रोष प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने युवक की मौत मामले में सख्त कार्रवाई न होने को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और सख्त धाराएं लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में शामिल सीटू महासचिव आशीष कुमार ने बताया कि हिमाचल के कालाअंब-नारायणगढ़ बॉर्डर पर पुलिस थाना नारायणगढ़ के तहत सिरमौर जिला के ददाहू निवासी युवक की कुछ लोगों ने पिटाई की। घटना दो जनवरी की है, 4 जनवरी को युवक ने उपचार के दौरान पीजीआई में दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर हत्या का है। पुलिस को मजबूत धाराओं में केस दर्ज करना चाहिए और गिरफ्तार किए लोगों के साथ शामिल दूसरे लोगों को भी गिरफ्तार करना चाहिए। वहीं, परिजनों ने बताया कि उनके बेटे के साथ हिमाचल के बॉर्डर हरियाणा के नारायणगढ़ में कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई। जिसके बाद उसकी मौत हुई है। उन्होंने पुलिस से न्याय दिलाने की मांग की।