शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का जिम्मा अब केवल बड़ों के कंधों पर नहीं, बल्कि नन्हे बच्चों ने भी इसे अपनी प्राथमिकता बना लिया है। रविवार को ऐतिहासिक शहर नाहन के विला राउंड क्षेत्र में सफाई के प्रति एक अनूठी मिसाल देखने को मिली, जब पैंथर्स क्लब से जुड़ी 9-10 साल की छोटी बच्चियों ने मिलकर न केवल श्रमदान किया। नन्हें बच्चों ने विला राउंड मार्ग पर बिखरे प्लास्टिक कचरे, बोतलों, खाने-पीने के रैपर्स और अन्य गंदगी को एकत्रित किया। बच्चों ने सड़क किनारे पड़ी शराब की खाली बोतलों और प्लास्टिक के गिलासों को समेटकर कूड़ेदान तक पहुंचाया। इन नन्हे पर्यावरण प्रहरियों का जज्बा देख वहां से गुजरने वाले लोग भी प्रभावित नजर आए।