प्रदेश की कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य और संस्थानों को बंद करवाने पर तुली हुई है। तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान पूर्व भाजपा सरकार के समय में खोले गए उपतहसील, पटवार सर्कल, वैटनरी और स्वास्थ्य संस्थानों को बंद किया है। अब मेडिकल कॉलेज के भवन पर भी तालाबंदी हो रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने यह आरोप मंगलवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में जड़े। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर स 261 करोड़ रुपये का बजट नाहन मेडिकल कॉलेज के 300 बिस्तरों वाले अस्पताल के नये भवन निर्माण के लिए दिया गया है। भवन के दो में से एक ब्लॉक की सात मंजिल तैयार भी हो चुकी है। लेकिन बीते तीन वर्ष से कार्य बंद है। अब सरकार इसके दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है। डॉ. बिंदल ने सवाल किया कि यदि मेडिकल कॉलेज शिफ्ट ही करना था तो तीन वर्ष पहले करते। कब वन विभाग की स्वीकृति आएगी, कब जंगल काटा जाएगा, कब सड़कें, बिजली, पानी और ड्राइंग बनेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मातृ-शिशु अस्पताल के निर्माण के लिए केंद्र से मिले 21 करोड़ रुपये और नर्सिंग कॉलेज के लिए स्वीकृत 70 करोड़ रुपये के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। यह साफ दर्शाता है कि सरकार की जनिहत की मंशा नहीं है। केंद्र सरकार के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। जो संस्थान चल रहे हैं उन्हें भी बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कालाअंब में उप-तहसील खोली गई, पालियों, जोहड़ों, नागल सुकेती, विक्रमबाग-देवनी और आमवाला-सैनवाला में खोले गए पटवार सर्कल बंद कर दिए गए। ग्रामीणों को अपने काम करवाने के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। मोगीनंद, कालाअंब, ओगली, नागल सुकेती, जोहड़ो, जाटांवाला त्रिलोकपुर की सभी सड़कों का बुरा हाल है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विनय गुप्ता, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, मनीष चौहान, तपिंदर शर्मा, संजय कुमार और अरुण चौहान आदि मौजूद रहे।