मेडिकल कॉलेज नाहन के नर्सिंग स्कूल में मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष दिवस की थीम स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें रही, जिसके तहत छात्राओं ने स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ नर्सिंग स्कूल की प्रधानाचार्य रेखा डोगरा ने किया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूकता और वैज्ञानिक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस दौरान नर्सिंग स्कूल की छात्राओं ने मेडिकल कॉलेज परिसर में नशे की लत जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से उन्होंने नशे के कारणों, इसके दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से दर्शाया। इसके साथ ही छात्राओं ने भाषणों के जरिए भी लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।