औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में मंगलवार को नवनिर्मित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और रिबन काटकर संयंत्र जनता को समर्पित किया। उद्घाटन समारोह के दौरान तहसीलदार नाहन उपेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी अंजली गर्ग और परियोजना अधिकारी द्विज गोयल भी मौजूद रहे। ग्राम पंचायत कालाअंब के कार्यालय परिसर में स्थापित इस आधुनिक इकाई को प्रशासन और ग्राम पंचायत की संयुक्त पहल के तहत तैयार किया गया है। इस परियोजना पर 18 लाख रुपये प्रदेश सरकार और तीन लाख रुपये ग्राम पंचायत कालाअंब ने व्यय किए हैं। संयंत्र का रखरखाव व संचालन पूरी तरह से ग्राम पंचायत की देखरेख में रहेगा। उद्घाटन उपरांत जनसभा को सम्बोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण कालाअंब में प्लास्टिक कचरे की मात्रा अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक रहती है। ऐसे में प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण इकाई की स्थापना से क्षेत्र को कचरा मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्लास्टिक कचरा खुले में न फेंककर इसे इस संयंत्र तक पहुंचाने में सहयोग की अपील लोगों से की। इस मौके पर मौके पर विधायक ने उपस्थित जनसमूह की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान रेखा चौधरी, सुभाष चौधरी, ऋतु चौधरी, नायब तहसीलदार सेवानिवृत्त राजकुमार, दिनेश ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता आलोक जनवेजा सहित जलशक्ति विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारी व स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।