राजस्व, उद्यान, जनजातीय विकास एवं लोक शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार को नाहन स्थित बचत भवन में वन अधिकार अधिनियम, राजस्व मामले तथा आपदा की समीक्षा बैठक ली। नेगी ने जिला सिरमौर में वन अधिकार अधिनियम 2006 के क्रियान्वयन को गति प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने वन अधिकार अधिनियम 2006 के लिए उप मंडलीय स्तरीय समिति (एसडीएलसी) तथा वन अधिकार समिति की कार्यप्रणाली, भूमिका एवं जिम्मेदारी पर चर्चा की। उन्होंने वन अधिकार अधिनियम 2006 को लागू करने के लिए गठित वन अधिकार समिति को समुदायों को लाभान्वित करने के लिए सक्रियता के साथ कार्य करने को कहा। बैठक में अवगत करवाया गया कि वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा शिलाई उपमंडल के 29 मामलों को योग्य माना गया है।