हिमाचल किसान सभा राजगढ़ ब्लॉक की बैठक वीरवार को पझौता के चंदोल में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में जमीन से बेदखली के खिलाफ व किसानो के पांच बीघा तक के कब्जे बहाल करने की मांग को लेकर 29 जुलाई को शिमला सचिवालय का घेराव किया जायगा। इसमें राजगढ़ ब्लॉक से भी सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग चार लाख परिवार ऐसे हैं जिहें अभी तक जमीन का अधिकार नहीं मिला है। प्रदेश में नोतोड़ नियमों के तहत, भूमिहीन में, सिलिंग और मुजारा में जो जमीन 70 के दशक में गरीब किसानों को मिली थी, उस पर किसानों ने खेती बागवानी शुरू की और अपना घर और गोशालाएं बनाई। सरकार ने इस जमीन के पट्टे किसानों को नहीं दिए और 1980 में वन संरक्षण कानून लाकर किसानों की जमीन का मालिक भी वन विभाग को बना दिया। इससे पहले सरकार ने न कोई स्थाई बंदोबस्त करवाया और न ही जमीन का सही बंटवारा किया। यह कार्य किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। इसके खिलाफ प्रदेश में निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। किसान सभा जमीन का संघर्ष तब तक लड़ेगी जब तक उनकी पुशतैनी जमीन का हक उन्हें न मिल जाए। इसे लेकर 29 जुलाई को सिरमौर जिला समेत राजगढ़ ब्लॉक से हजारों किसान सचिवालय घेराव में जाएंगे।