नाहन शहर के जरजा में प्लाटिंग के बाद बसे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान घरों पानी घुसा और दरारें तक आ गई। यहां लोगों को जो सुविधाएं डेवलपर की तरफ से दी जानी चाहिए थी वह नहीं मिल रही है। ऐसे में मामले को नगर परिषद की सदन की बैठक में उठाया गया था। यह जानकारी नाहन में आयोजित पत्रकारवार्ता में वार्ड नं. 2 के पार्षद विक्रम वर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने एक कमेटी का गठन इस दिशा में किया है। कमेटी जांच करेगी कि पहले हुई प्लाटिंग में नियमों का पालन किया गया है या नहीं। यदि निमयों का पालन नहीं किया गया होगा तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 दिनों के भीतर इस मामले में संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। इसके अलावा आने वाले समय में अब यहां प्लाटिंग से पहले सुविधाओं की जांच की जाएगी। इसके बाद ही प्लाटिंग होगी।