सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। चंद रोज पहले सिरमौर के शिलाई में संविधान की शपथ लेकर हुई शादी का सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कवरेज दी गई थी। इस पर स्वर्ण समुदाय के दो लोगों ने जातिसचूक शब्दों का प्रयोग किया है। इसे लेकर दलित शोषण मुक्ति मंच ने कड़ी आपत्ति जताते हुए दोषी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस मांग को लेकर दलित शोषण मुक्ति मंच का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और शिकायत पत्र दिया। इस मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए दलित शोषण मुक्ति मंच के राज्य संयोजक आशीष कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर दो लोगों जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया है। जो असहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर एफआईआर होनी चाहिए, इसे लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत पत्र दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलितों के खिलाफ लगातार मामले बढ़ रहे हैं। इसे लेकर मंच 17 नवंबर को प्रदेश के हर जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन भी करेगा।