अब कांग्रेस के नेता एक बार फिर जनता के बीच जा रहे हैं। लेकिन जो विधानसभा चुनावों के दौरान जनता को गारंटियां दी थी वह आज तक पूरी नहीं हो पाई हैं। यह टिप्पणी नाहन में आयोजित पत्रकारवार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बिंदल ने कहा कि जनता अब सरकार से जवाब मांग रही है, लेकिन सरकार के पास जवाब नहीं है। विधानसभा चुनावों में गारंटियां दी गई थी कि बहनों के खाते में 1500-1500 रुपये देने की बात की गई थी लेकिन आज तक महिलाएं इसका इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं से फार्म भरवाए गए और पक्की नौकरी तथा पुरानी पेंशन के वादे किए गए, लेकिन 42 महीने बीत जाने के बाद भी किसी बेरोजगार को रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा अपने आप को ठगा हुआ और निराश महसूस कर रहा है। बिंदल ने कहा कि सरकार के पास खजाना खाली है और नगरपालिकाओं और पंचायतों के विकास के लिए मिलने वाला धन भी अपने खजाने में मंगवा लिया, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें नगर निकायों को मजबूत करती हैं, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने नगरपालिकाओं और पंचायतों को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम किया है।