शहर के निजी रेस्तरां में प्रदेश के जाने-माने गजलकार नाहन निवासी नासिर यूसुफजई की पांचवी पुस्तक कब याद न आए वो आये.., का लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। इसमें उच्च शिक्षा उपनिदेशक डॉ हिमेंद्र बाली ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। डॉ. हिमेंद्र बाली ने माहिया संग्रह कब याद न वो आये.., का लोकार्पण कर पहली प्रति चित्रकार जितेंद्र थापा उर्फ बिट्टू को प्रदान की। उन्होंने कहा कि नासिर यूसुफजई प्रदेश के जाने माने लेखक हैं, इनकी बहुत अच्छी पुस्तकें निकली हैं। यह गौरव का विषय है कि इनके जैसा कलाकार नाहन से है, जो हर विद्या को जिंदा रखे हुए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इनकी अभिव्यक्ति विभिन्न पुस्तकों के माध्यम से पाठकों के बीच पहुंचेगी। गौरतलब रहे कि नासिर का पहला गजल संग्रह इब्तिदा.., का पहला संस्करण मार्च 2014 में निकला था। इसका लोकार्पण विश्व ख्याति प्राप्त गजल गायक अहमद हुसैन-मोहम्मद हुसैन ने किया था। इसके दो और संस्कारण निकल चुके हैं। इसके बाद 2015 में पहला महिया संग्रह इश्क इबादत है.., और 2023 में दूसरा गजल संग्रह तुम याद आये.., प्रकाशित हुआ। जनवरी 2025 में तीसरे गजल संग्रह धूप का सफर पाठकों के लिए सामने आया। अब उनका दूसरा माहिया संग्रह कब याद न वो आये.., पांचवी पुस्तक के रूप में पाठकों के बीच पहुंचा है। लोकार्पण समारोह में चित्रकार जितेंद्र थापा उर्फ बिट्टू, शायर दीपराज विश्वास, जावेद उल्फत, साहित्यकार प्रभात कुमार, डॉ आईडी राही, अनुज चौहान, पंकज तन्हा आदि मौजूद रहे।