जिला परिषद सिरमौर की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को नाहन में जिला परिषद अध्यक्ष सीमा का कन्याल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्र की मुद्दों और समस्याओं को रखा। जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से नवम्बर महीने में ही एक पत्र मिला है। इसमें बताया गया है कि जिला परिषद को मिलने वाला 15वें वित्त आयोग के बजट कुछ पैसा सीधे विभागों को जाएगा। इस फैसले पर विरोध जताया गया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद सदस्यों को पहले ही कोई भारी भरकम बजट उपलब्ध नहीं होता है। एक जिला परिषद सदस्य एक दर्जन से अधिक पंचायतों से चुनकर आता है लेकिन जिला परिषद सदस्य को अपने क्षेत्र में विकास करने के लिए पर्याप्त मात्रा में बजट उपलब्ध नहीं होता है। ऐसे में यदि बजट में कटौती होगी तो जिला परिषद सदस्य चुनने के बावजूद विकास कार्य नहीं करवा पाएंगे। ऐसे में उनके चुने जाने का कोई ज्यादा लाभ नहीं होगा और वह लोगों के बीच में जाकर क्या मुहं दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पूर्व में चल रहे विकास कार्य अधर में लटके हैं नए विकास कार्य ठप्प है। अब बजट न होने के चलते विकास कार्य प्रभावित होना लाजमी है।