कालाअंब-पांवटा साहिब राष्ट्रीय उच्च मार्ग-07 पर सैनवाला क्षेत्र में वीरवार सुबह एक टिपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक बजरी से लदा टिप्पर सुबह के समय एक ढाबे पर रुका हुआ था। जलपान के बाद जब चालक टिप्पर लेकर रवाना हुआ तो क्षेत्र में छाए घने कोहरे के कारण सड़क स्पष्ट दिखाई नहीं दी। इसी दौरान टिप्पर का अगला हिस्सा अनियंत्रित होकर बरसाती नाले में जा गिरा। हादसे के समय सड़क पर कोई दुपहिया वाहन या अन्य राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे संभावित बड़े नुकसान से बचाव हो सका। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सैनवाला पंचायत के प्रधान संदीपक तोमर ने बताया कि सुबह के समय घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह है कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।