धारटीधार क्षेत्र की थाना कसोगा पंचायत में जन-सहयोग से खेल मैदान तैयार किया जा रहा है। युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के मकसद से ग्रामीणों ने यह कदम उठाया है। ग्रामीण विकास नवयुवक मंडल थाना कसोगा जन-सहयोग से खेल मैदान तैयार करने में जुटा हुआ है। नवयुवक मंडल के प्रधान तनिश शर्मा व उपाध्यक्ष दुर्गेश शर्मा के प्रयासों से आधा खेल मैदान तैयार कर लिया गया है। इस कार्य पर अब तक 1,40,000 रुपये से अधिक की राशि हो चुकी है। प्रधान तनिश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कोई भी खेल मैदान नहीं है। इस कारण युवाओं को न तो खेलने के लिए जगह मिल रही है और न ही क्षेत्र के युवा पुलिस और आर्मी में जाने की तैयारी कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं को खेल सुविधा मुहैया करवाने के मकसद से यहां जन सहयोग से खेल मैदान तैयार किया जा रहा है। इसके लिए सभी ग्रामीण आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 100 रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक की सहयोग राशि इस कार्य के लिए मिल रही है।