चौगान मैदान में चल रही सिरमौर क्रिकेट कप प्रतियोगिता में स्कार्पियन ब्वॉयज अशियाड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप एफ से सुपर आठ में प्रवेश कर लिया। क्वालिफाई मुकाबले में टीम ने साइलेंट किलर छुआरा रोहड़ू को हराया। स्कार्पियन ब्वॉयज अशियाड़ी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में 54 रन का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साइलेंट किलर छुआरा रोहड़ू की टीम 42 रन ही बना सकी। अशियाड़ी ने 12 रन से यह मुकाबला जीता। इससे पहले खेले गए मुकाबलों में स्कार्पियन ब्वॉयज अशियाड़ी ने गत चैंपियन पीआरसी कुसेनू, डीएनएम कांसर ने महाकाल लाना पालर, साइलेंट किलर छुआरा रोहड़ू ने सुरला और चैंपियन इलेवन सिरमौर ने शिलाई पैंथर को हराया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन और बीरसी संस्थान के पवन शर्मा विशेष अतिथि रहे। इस अवसर पर यूथ एंड स्पोर्ट्स क्लब सिरमौर के मुख्य आयोजक ओपी ठाकुर और योगी ठाकुर सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।