रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति ने गुरुवार को अपनी मांगों को दोहराते हुए ददाहू में धरना प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारबाजी करते हुए बांध प्रबंधन को भी आडे हाथ किया। समिति के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने परियोजना के महाप्रबंधक अनूप शर्मा से मुलाकात की और बांध निर्माण करने वाली कंपनियों में 70 फीसदी विस्थापित युवाओं को काम देना सुनिश्चित करने की मांग की। समिति ने कहा कि परियोजना निर्माण के बाद संगडाह की दूरी 18 से 20 किलोमीटरी तक बढ़ जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए मोहतू के पास गिरि नदी पर पुल का भी निमार्ण किया जाए। ताकि गिरिपार क्षेत्र के लोगों का अवागमन सही हो सके। समिति ने कहा कि गृहविहिन परिवारों से अंडरटेकिंग लिए बिना ही उनको मुआवजे का भुगतान किया जा रहा है। वह किसी भी अंटरटेकिंग को सहन नहीं करेंगे। समिति ने बांध प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक विस्थापितों की मांगों पर गौर नहीं किया जाता, तब तक वह परियोजना निर्माण का कार्य शुरु नहीं होने देंगे। इस मौके पर संयोजक विनोद ठाकुर व सचिव योगी ठाकुर सहित दर्जनों विस्थापित मौजूद रहे।