फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports Infrastructure: 8 करोड़ के इंडोर स्टेडियम में अब तक नहीं लगे बास्केटबॉल पोल, सिरमौर संघ ने डीसी से लगाई गुहार

Ankesh Dogra Updated Fri, 07 Aug 2026 03:05 PM IST

सिरमौर जिला बास्केटबॉल संघ ने चंबा मैदान में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बने बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल पोल लगाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नाहन में उपायुक्त सिरमौर से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार और महासचिव राकेश चौहान ने उपायुक्त को बताया कि वर्ष 2020 में चंबा मैदान में बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम का निर्माण पूरा हुआ था। निर्माण के करीब छह साल बाद भी यहां बास्केटबॉल के पोल नहीं लगाए गए हैं। संघ पदाधिकारियों के अनुसार स्टेडियम का निर्माण वॉलीबॉल, बैडमिंटन, हैंडबॉल, टेनिस और बास्केटबॉल जैसे खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। हालांकि वर्तमान में स्टेडियम में केवल बैडमिंटन खेला जा रहा है। संघ ने यह भी बताया कि बास्केटबॉल कोर्ट के लिए अब तक मार्किंग तक नहीं की गई है। इसके चलते बास्केटबॉल खिलाड़ियों को इंडोर सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बास्केटबॉल संघ ने कहा कि सिरमौर का बास्केटबॉल में पुराना और स्वर्णिम इतिहास रहा है। जिले से कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्तमान में भी जिले के सैकड़ों युवा खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेल रहे हैं। संघ पदाधिकारियों के मुताबिक अधिकांश खिलाड़ी आउटडोर ग्राउंड में अभ्यास करते हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दौरान जब उन्हें वुडन इंडोर कोर्ट पर खेलना पड़ता है तो आउटडोर और इंडोर कोर्ट की परिस्थितियों के कारण उन्हें तालमेल बिठाने में परेशानी होती है। सिरमौर जिला बास्केटबॉल संघ ने उपायुक्त से खिलाड़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इंडोर स्टेडियम में जल्द से जल्द बास्केटबॉल पोल स्थापित करने की अनुमति देने की मांग की है। संघ का कहना है कि सुविधा उपलब्ध होने से जिले के बास्केटबॉल खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिल सकेगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें