नाहन के चौगान मैदान में इस बार 9 से 17 सितंबर तक पांचवें स्टेपको सिरमौर उत्सव का आयोजन किया जाएगा। स्टेपको संस्था की ओर से आयोजित होने वाले इस उत्सव में युवाओं और बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्सव में नृत्य, गायन, बॉडी बिल्डिंग, कुश्ती, मॉडलिंग और बेबी शो समेत कई प्रतियोगिताएं होंगी। स्टेपको संस्था के अध्यक्ष रजित सिंह कंवर ने मंगलवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्सव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए 21 अगस्त से ऑडिशन शुरू किए जाएंगे। ऑडिशन ट्रेंडस मॉल के बेसमेंट में सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक होंगे। उन्होंने बताया कि नौ दिवसीय सिरमौर उत्सव के दौरान चार सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्टार कलाकारों के साथ-साथ सिरमौर और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। रजित सिंह कंवर ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखना है। उत्सव के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को नशे के खिलाफ सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई प्रतिभाशाली स्थानीय कलाकार हैं, लेकिन उचित मंच नहीं मिलने के कारण उनकी प्रतिभा सामने नहीं आ पाती। सिरमौर उत्सव ऐसे कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा। उन्होंने लोगों और युवाओं से उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। पत्रकार वार्ता में अनिश सैनी, वसीम खान और अमित अत्री सहित अन्य मौजूद रहे।