राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन में आजादी के पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से देश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। प्रस्तुतियों को देखकर कॉलेज परिसर में मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। एनएसएस प्रभारी डॉ. विनिता पाल ने बताया कि आजादी के पर्व को लेकर कॉलेज में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही राष्ट्रीय पर्वों के महत्व और देश के प्रति जिम्मेदारियों को समझने में भी मदद मिलती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कॉलेज परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया।