रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि दुनिया से पोलियो उन्मूलन की दिशा में रोटरी इंटरनेशनल का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने बताया कि रोटरी फाउंडेशन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली आर्थिक सहायता से पोलियो वैक्सीन अभियान को मजबूती मिलती है। स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर निभाता है जिम्मेदारी नाहन में आयोजित प्रेसवार्ता में मनीष जैन ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान के दौरान रोटरी क्लब स्वास्थ्य विभाग के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर सहयोग करता है। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न पोलियो बूथों पर रोटरी क्लब के सदस्य पहुंचकर स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हैं। स्वास्थ्य कर्मियों को दिए जाते हैं फूड पैकेट उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान रोटरी क्लब की ओर से बूथों पर तैनात कर्मचारियों को फूड पैकेट उपलब्ध कराए जाते हैं। क्लब के सदस्य व्यक्तिगत रूप से बूथों पर जाकर उनके कार्य की सराहना करते हैं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग देते हैं। पोलियो मुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी मनीष जैन ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य मजबूत हो सके।