राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रविवार को शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर 227 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 218 ने परीक्षा दी। सुबह से ही परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दूरदराज के क्षेत्रों से भी विद्यार्थी अपने अभिभावकों और शिक्षकों के साथ परीक्षा देने पहुंचे। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), सोलन की ओर से आयोजित इस परीक्षा को दो सत्रों में करवाया गया। पहले सत्र में विद्यार्थियों की मानसिक योग्यता और दूसरे सत्र में शैक्षिक ज्ञान का आकलन किया गया। परीक्षा का पहला सत्र सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित हुआ। इसमें मानसिक योग्यता परीक्षण (MAT) का प्रश्नपत्र लिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों से तर्कशक्ति, मानसिक क्षमता और विश्लेषणात्मक सोच से जुड़े सवाल पूछे गए। दूसरे सत्र में दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक शैक्षिक योग्यता परीक्षण (SAT) हुआ। इसमें विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान विषयों से संबंधित प्रश्न शामिल रहे। परीक्षा केंद्र पर कुल 227 विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ था। इनमें से 218 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा अधीक्षक हरिंद्र सिंह और उप परीक्षा केंद्र अधीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाई गई। NMMS परीक्षा में सफल होने वाले पात्र विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह 1,000 रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस हिसाब से चयनित विद्यार्थी को चार वर्षों में कुल 48,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। इस छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे विद्यार्थियों को माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर की शिक्षा पूरी करने में आर्थिक मदद मिलेगी।