जिला मुख्यालय नाहन और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से मौसम ने करवट ली है। सुबह से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार बारिश हो रही है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने 11 अगस्त को सिरमौर समेत प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। नाहन में मंगलवार सुबह शुरू हुई बारिश के बाद मौसम विभाग की चेतावनी सही साबित हुई। लगातार बारिश से क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया है। इससे एक दिन पहले 10 अगस्त को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद नाहन में बारिश नहीं हुई थी। मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक पानी बढ़ने का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों, खड्डों तथा भूस्खलन की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा गया है। खासकर नदी-नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।