भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के विरोध में बुधवार को नाहन के शहीद चौक पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [सीपीआईएम] के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे सीपीआईएम के जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता शहीद चौक पहुंचे। यहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोनों नेताओं के पुतले जलाए और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते से किसानों, बागवानों और आम लोगों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे किसी भी समझौते पर पुनर्विचार करने की मांग की। सीपीआईएम नेताओं ने कहा कि यदि जनहित के मुद्दों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।