शहर के वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर में शुक्रवार को हरियाली तीज का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में केंद्र की वरिष्ठ महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाई और पारंपरिक गीतों के बीच तीज का आनंद लिया। कार्यक्रम को खास बनाने में डीएड कॉलेज नाहन की प्रशिक्षु छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्राओं ने वरिष्ठ महिलाओं के हाथों पर आकर्षक और मनमोहक मेहंदी के डिजाइन बनाए। मेहंदी लगने के बाद महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। पारंपरिक गीतों और तीज के उल्लास के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वरिष्ठ महिलाओं ने छात्राओं के साथ भी समय बिताया और आयोजन का आनंद लिया। केंद्र की संचालिका अर्चना सैनी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर में बुजुर्गों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, मनोरंजन और उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनके बीच उत्साह और अपनापन बढ़ाने में भी मदद करते हैं। कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ महिलाओं ने हरियाली तीज के अवसर पर आयोजन करने के लिए केंद्र प्रबंधन और डीएड कॉलेज नाहन की प्रशिक्षु छात्राओं का आभार जताया।