एचपीएसईबीएल पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन नाहन यूनिट की मासिक बैठक शनिवार को पक्का टैंक स्थित न्यू शाही मिष्ठान भंडार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्री शमशेर सिंह ठाकुर ने की, जबकि मंच संचालन महासचिव कमलेश पुंडीर की ओर से किया गया। सभा में पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से पुरजोर मांग की कि अन्य विभागों की तर्ज पर बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के लिए भी जल्द से जल्द पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के आदेश जारी किए जाएं। इसके साथ ही, महासचिव ने 70 से 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों के एरियर का भुगतान करने के लिए बोर्ड प्रबंधन का आभार जताया। साथ ही मांग की गई कि 58 से 69 वर्ष तक के कर्मचारियों व पेंशनरों का बकाया एरियर भी शीघ्र जारी किया जाए। बैठक में सोलन में आयोजित एसोसिएशन के 21वें स्थापना दिवस की सफलता पर भी चर्चा की गई, जहां ई. आरएस सोनी को प्रदेश अध्यक्ष और पीएल गुप्ता को महासचिव चुना गया है। इस अवसर पर गुरुचरण सिंह, मो. नासिर, एससी गौतम, मदन लाल, जसवीर सिंह, विनोद तोमर और विजय सोहल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।