उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की तहसील ददाहू में 90 लाख से निर्मित ग्राम पंचायत कोटि धीमान की हरिजन बस्ती, भारसरथ रहिया खाला और कियार के लिए उठाऊ जल आपूर्ति योजना और ग्राम पंचायत ददाहू के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से तैयार उठाऊ जल आपूर्ति योजना के संवर्धन एवं सुधार कार्य का शुभारंभ किया। विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने माइना बाग स्थित डॉ. प्रेम सिंह मेमोरियल स्टेडियम में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं रेणुका विधानसभा क्षेत्र से विधायक स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह की जयंती व पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा की स्वर्गीय डाॅ. प्रेम सिंह, पूर्व में प्रदेश सरकार में मुख्य संसदीय सचिव व श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के छह बार विधायक रहे। उन्होंने स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह को इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने नौहराधार में बस अड्डा व संगडाह में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह निर्माण की घोषणा की। उन्होंने रेणुका विधानसभा क्षेत्र के लिए 8 करोड़ रुपये की जल जीवन मिशन योजना में से चार करोड़ रुपये की राशि तत्काल देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 110 करोड़ रुपये की 38 पेयजल और 23 सिंचाई योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि अगले तीन माह में ददाहू के साथ लगती पंचायतों को भी पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवा दी जाएगी उन्होंने कहा कि संगडाह से चंडीगढ़ और शिमला को पुनः बस सेवा आरंभ करने की घोषणा की। उप मुख्यमंत्री ने पशुराम मंदिर तालाब के संवर्धन के लिए एक करोड़ रुपये देने तथा स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह मेमोरियल स्टेडियम के संपर्क मार्ग में प्रवेश द्वार बनाने की घोषणा की। उन्होंने डॉ. प्रेम सिंह मेमोरियल स्टेडियम में आयोजित रक्तदान शिविर का निरीक्षण भी किया। इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने उपमुख्यमंत्री का रेणुका विधानसभा क्षेत्र आगमन पर स्वागत किया।