त्योहारों के अवसर पर केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के शिमला संसदीय क्षेत्र को दो केंद्रीय विद्यालय की सौगात दी है। नाहन में प्रेसवार्ता के दौरान सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है। इसमें से दो केंद्रीय विद्यालय उनके संसदीय क्षेत्र में खोले जाएंगे, जो बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र के कोटखाई और पांवटा साहिब को यह केंद्रीय विद्यालय मिले हैं। इसके लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा का स्तर उठाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। केंद्र सरकार की मंशा युवाओं को विश्व स्तर की शिक्षा प्रदान करना है ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस देश के युवा फाइट कर सकें। प्रेसवार्ता में उन्होंने जीएसटी कटौती के लिए भी केंद्र सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आमजन के हित में निरंतर अच्छे निर्णय ले रही है। जीएसटी के अब दो ही स्लैब रह गए हैं। इससे दैनिक दिनचर्या में इस्तेमाल होने वाले सामान में कटौती होगी और इससे देश का बड़ा वर्ग लाभांवित होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक पोशाक उद्योग को भी इसका काफी लाभ मिलेगा।