हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार ने गाताधार क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करने का आश्वासन दिया। शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में विनय कुमार ने कोटि से गाता तक 25 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क का उद्घाटन किया। इसके अलावा 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित गुरु मंदिर सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विनय कुमार ने कहा कि श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। यह प्रयास किया जा रहा है कि कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता न रहे।