प्रदेश में कई माह से सरकार की हिमकेयर कार्ड योजना के तहत निजी अस्पतालों को भुगतान नहीं होने के चलते गुरुवार से जिला के सभी निजी अस्पतालों ने योजना के तहत रोगियों को दी जाने वाली सुविधा को बंद कर दिया है। उधर, निजी अस्पतालों की तरफ से सुविधा को बंद कर दिए जाने के बाद जिला के दर्जनों दीर्घकालिक बीमारियों के रोगियों के लिए संकट पैदा हो गया है, जिनका उपचार सरकार की ओर से दी जा रही हिमकेयर कार्ड योजना के तहत निजी अस्पतालों में चल रहा था। गुरुवार को नाहन पहुंचे रोगियों व तीमारदारों लव, कुश सहित सामाजिक कार्यकर्ता नाथु राम ने सरकार से मांग उठाई कि जल्द से जल्द इस योजना के तहत निजी अस्पतालों में सुविधा बहाल करने को लेकर काम किया जाए अन्यथा उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। नाथु राम ने कहा कि प्रदेश में सुक्खू सरकार व्यवस्था परिवर्तन की बात लेकर सत्ता में आई थी, लेकिन अब देखकर लगता है कि यही व्यवस्था सरकार बदलना चाहती थी, जिससे गरीब व बीमार लोगों को समस्या का सामना करना पड़े।