अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले को इस बार ग्रीन और पॉलिथीन मुक्त बनाने के प्रशासन के प्रयास रंग ला रहे हैं। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई और प्लास्टिक कचरे को नियंत्रित करने के लिए वॉलंटियरों की तैनाती की गई है। इस कार्य में वेस्ट वॉरियर एनजीओ का सहयोग लिया गया है। स्थानीय गणेश स्वयं सहायता समूह का भी इसमें योगदान लिया जा रहा हैं। मेले में इस बार सिंगल यूज प्लास्टिक सहित नॉन बायोडिग्रेडेबल पदार्थों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया है। मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए करीब 100 अस्थायी शौचालय स्थापित किए गए हैं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को असुविधा न हो और प्रदूषण भी न फैले। मेले के दौरान साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मियों को भी तैनात किया गया है। उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि मेला परिसर के समीप एक 'वैस्ट बैंक' बनाया गया है, जहां मेला क्षेत्र से एकत्रित होने वाले कूड़े को इकट्ठा किया जा रहा है, जिसे बाद में निस्तांतरण के लिए नाहन अथवा अन्य स्थान पर भेजा जाएगा।