कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में नाहन शहर में विकास कार्यों पर ताला लगा रहा। यह आरोप नाहन में प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लगाया। डॉ. बिंदल ने कहा कि इस सरकार ने उल्टा पूर्व भाजपा सरकार के समय में हुए कार्यों को भी लटका दिया। भाजपा सरकार के समय शुरू हुआ नाहन मेडिकल कॉलेज हो या फिर तहसील कार्यालय या फिर विभिन्न पार्किंग व अन्य कार्य इन सब पर कांग्रेस ने आते ही ताले जड़े दिए। इसी तरह स्कूलों, पटवार सर्कल, पशु चिकित्सालय, उप तहसील आदि सरकारी संस्थान को बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता जिन कामों को गिनवा रहे हैं या जिन कामों का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं वह भी केंद्रीय बजट और केंद्र सरकार का हिस्सा है, इनका अपना तो कुछ नहीं है। महिलाओं और बहनों को 1500 रुपये नहीं मिले, युवाओं को रोजगार नहीं मिला, बिजली की सब्सिडी नहीं मिली, दूध 100 रुपये किलो नहीं लिया, गोबर नहीं खरीदा आखिर झूठ बोलने की भी हद होती है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में भाजपा सरकार, अगल साल प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। इसके बाद नगर परिषद में भी भाजपा होने पर फिर से विकास का एक नया दौर आएगा।