श्री सनातन धर्म मंदिर नाहन में मंगलवार दोपहर बाद गो रक्षा सम्मान आह्वान अभियान के तहत गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के मकसद से जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इसमें अभियान प्रमुखों में से एक आराधना दीदी ने गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने, गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ माता को उचित सम्मान व संरक्षण प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हमारे देश में गाय केवल एक पशु नहीं है, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक है। सदियों से हम गाय को गो माता के रूप में पूजते आए हैं। गो माता हमारी आस्था, संस्कृति और संस्कारों की जीवंत प्रतीक हैं। उनका संरक्षण केवल धार्मिक कर्तव्य ही नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। आज आवश्यकता है कि हम सभी मिलकर निराश्रित गौवंश की सेवा, संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे आएं। गोशालाओं को सहयोग दें, गो माता के प्रति संवेदनशील बनें और समाज में जागरूकता फैलाएं। उन्होंने कहा कि बेसहारा और निराश्रित गोवंश की सुरक्षा के लिए सभी राज्यों में बेहतर ढंग से संचालित और सुसज्जित गोसदन भी खोले। आराधना दीदी ने पुराने समय में जब हर घर में गाय होती थी, उसका भी वर्णन किया।