कालाअंब-पांवटा साहिब राष्ट्रीय उच्च मार्ग 07 पर सैनवाला के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के मुताबिक बुधवार मध्यरात्रि आए तेज तूफान में कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों को इस हादसे का पता न चल पाने के कारण चालक रात भर खाई में ही पड़ा रहा। गनीमत रही कि कार के एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई। वीरवार सुबह लोगों ने खाई में कार को दुर्घटनाग्रस्त देखा। हादसे की सूचना मिलते ही सैनवाला पंचायत के प्रधान संदीपक तोमर कुछ युवकों के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को खाई से बाहर निकाला।