देलठ पंचायत के टिकरी मोड़ पर खुले शराब ठेके को लेकर रामपुर में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षण संस्थानों के 100 से 150 मीटर के दायरे में शराब ठेका खोला गया है, जिसके कारण बच्चों पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। समस्या को लेकर क्षेत्र की छह महिला मंडलों की महिलाएं एसडीएम रामपुर के दरबार पहुंची और प्रदर्शन किया। वहीं महिलाओं ने एसडीएम रामपुर निशांत तोमर को ज्ञापन भी सौंपा और शीघ्र समस्या का समाधान मांगा। हिमाचल किसान सभा ग्राम पंचायत इकाई देलठ इकाई की अध्यक्षता में सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि आईटीआई और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के समीप शराब ठेका है। इसके कारण यहां पर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। शिक्षण संस्थान से 100 से 150 मीटर की दायरे में शराब ठेका खुला है। यहीं से रास्ता भी है। कहा कि शराब ठेके को बंद करने के लिए पहले भी महिला मंडल टूटू, नोटीधार, कालीमाटी, दोवटी, मोतीबाग और देलठ ने पहले भी शराब ठेके को बंद करने के लिए 11 फरवरी को मांग पत्र सौंपा था और महिलाओं की ओर से भी प्रदर्शन किया गया था, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं की गई। शराब ठेके के कारण शराबी होने से महिलाओं और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे हमारी युवा पीढ़ी पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग उठाई है कि शराब ठेके को बंद किया जाए या इसे किसी दूसरी जगह पर स्थानांतरित किया जाए। वर्ना उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर देवकी नंद, कृष्णा राणा, जूना देवी, सुरमा देवी, रचना, रक्षा, देविंद्रा देवी, सुरक्षा देवी, शिव दासी, पुष्पा, विमला, रमिला और ममता सहित अन्य महिलाएं मौजूद रही।