संवाद न्यूज एजेंसी, आनी(कुल्लू)। भाजपा मंडल आनी ने सोमवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क निर्माण में देरी, किसानों के दूध भुगतान और मूलभूत समस्याओं को लेकर आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का पुतला भी फूंका गया और उप जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा गया। यह आक्रोश रैली विश्राम गृह आनी से बाजार होते हुए उप जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उप जिलाधिकारी कार्यालय के पिछले गेट के समीप मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका गया। पुराने बस अड्डे में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक लोकेंद्र कुमार ने प्रदेश सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया।