द रामपुर तहसील सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ सीमित के निदेशक मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। सभी सदस्यों ने इस निदेशक मंडल में सर्वसम्मति से सुदामा राम मेहता को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी है। वहीं केडी आजाद को उपाध्यक्ष, बीर सिंह कपूर, रत्न दास कश्यप और भाग राम हस्टा को निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि दो जोन अभी खाली हैं। नव नियुक्त पदाधिकारियों के लिए मंगलवार को रामपुर स्थित सोसाइटी के कार्यालय में समारोह आयोजित किया गया। सोसाइटी के पूर्व पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने नए निदेशक मंडल के पदाधिकारियों का स्वागत किया। कर्मचारियों ने टोपी और मफलर भेंट कर उनका सम्मान बढ़ाया। उपाध्यक्ष केडी आजाद ने कहा कि लंबे समय से विपणन संघ सीमित रामपुर में कार्य कर रहा है। कई कार्य ऐसे हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए वर्षों से योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खोपड़ी स्थित सोसाइटी की करीब एक बीघा भूमि है, जहां कार पार्किंग और बहुउद्देशीय भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा सीमित के कर्मचारियों के वेतन में लंबे समय से बढ़ोतरी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के वेतन में जल्द बढ़ोतरी मिल पाएगी, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों से न जूझना पड़े। इसके अलावा सीमित के रामपुर स्थित भवन की ऊपरी मंजिल में सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, ताकि बैठकों और समारोह के दौरान बैठने और कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। नव नियुक्त अध्यक्ष सुदामा राम मेहता ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी, खोपड़ी स्थित भूमि पर कार पार्किंग, बहुउद्देश्यीय परिसर निर्माण और रामपुर स्थित भवन पर सामुदायिक भवन जैसे कार्यों को प्रमुखता से पूर्ण किया जाएगा। निदेशक मंडल के सदस्यों ने उनपर जो विश्वास जताया है, उस पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। सभी पदाधिकारी और सदस्यों के साथ मिलकर सीमित को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने पर निदेशक मंडल के सदस्यों का आभार जताया। इस मौके पर सेवानिवृत निरीक्षक सहकारी सभाएं रेवा राम नेगी, चित्र भानू शर्मा, कृष्ण शर्मा, शंकर लाल, निरीक्षक सहकारी सभाएं सुमित शर्मा, शिव सिंह ठाकुर, अमर सिंह अष्टू सहित अन्य मौजूद रहे।