शिमला-किन्नौर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर ज्यूरी के पास पाशाडा खड़ा में मंगलवार को भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें हाईवे पर आ गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। करीब दो घंटे से यातायात बंद होने के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भूस्खलन की सूचना मिलने के बाद एनएचएआई की ओर से हाईवे को बहाल करने के लिए दो मशीनें मौके पर लगाई गई हैं। हालांकि पहाड़ से लगातार चट्टानें गिरने के कारण मलबा हटाने के काम में भी दिक्कत आ रही है। हाईवे पर बड़ी मात्रा में मलबा जमा होने के साथ पहाड़ से लगातार चट्टानें गिर रही हैं। ऐसे में सड़क को पूरी तरह साफ कर यातायात बहाल करने में अभी समय लग सकता है। मलबा हटाने के लिए मशीनों से काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन लगातार भूस्खलन के कारण मौके पर स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। फिलहाल वाहन दोनों ओर फंसे हुए हैं और लंबी कतारें लग गई हैं। एनएच-5 बंद होने से फिलहाल किन्नौर का शिमला जिले से सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। यह मार्ग किन्नौर के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण हाईवे बंद होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से सड़क बहाली का काम किया जा रहा है। वाहन चालकों से अपील है कि हाईवे की स्थिति सामान्य होने तक अनावश्यक रूप से इस मार्ग पर यात्रा न करें और मौके पर जारी निर्देशों का पालन करें।