रामपुर के पदम छात्र स्कूल में 26 जनवरी को उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। समारोह में पुलिस, एनसीसी, एनएसएस सहित विभिन्न स्कूली बच्चे परेड में शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर एसडीएम रामपुर कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न स्कूलों के कलाकार देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। समारोह में समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने समारोह के आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों से आए प्रतिनिधियों को कार्यक्रमों की सूची 17 जनवरी तक प्रशासन को देने। उन्होंने कहा कि पदम छात्र स्कूल में समारोह को लेकर 23 और 24 जनवरी को रिहर्सल आयोजित होगी। उन्होंने नगर परिषद, विकास खंड अधिकारी और विभागों को उन्हें सौंपी गई जिम्मेवारियों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।