उपमंडल रामपुर की दुर्गम घाटी 15/20 में अव्यवस्थाओं का आलम है। आपदा के दो माह बाद भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पा रहा है। कूट, क्याव, जगोरी और गानवी पंचायतों के हजारों लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। भाजपा नेता कौल नेगी ने प्रेस वार्ता में बताया कि सरकार के उदासीन रवैये से ग्रामीणों की परेशानियां बरकरार हैं। चार पंचायतों के हजारों लोग दो विभागों की आपसी खींचतान में पूरी तरह से फंसे हुए हैं। गानवी में सड़क के एक हिस्से को दुरुस्त करने में लोक निर्माण विभाग और विद्युत बोर्ड आमने सामने आ गए हैं। कौल ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का आश्वासन भी यहां महज कागजी साबित हुआ। सड़क किस विभाग के अधीन है, ये सरकार को देखना चाहिए। मौजूदा सरकार ने यहां की चार पंचायतों के हजारों लोगों को बेसहारा छोड़ दिया है। क्षेत्र में राशन की भारी कमी है। सिलिंडर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी खासी दरकार है। दर्जनों गांव में यदि कोई बीमार हो जाए तो मरीज को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती रहता है। इस अवसर पर सराहन भाजपा मंडल के अध्यक्ष महेंद्र जैन, रमेश मुखिया, अनिल बुधेल, अशोक कुमार, गोपाल बंसल, सुशील नेगी, अजयए ठाकुर, ओम प्रकाश, प्रवीण, जगत सिंह, विक्रम, मुकेश और राजेश उपस्थित रहे।