13 अगस्त को उपमंडल के दुर्गम क्षेत्र 15/20 में बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। बाढ़ की चपेट में रिहायशी मकान, दुकानें और क्षेत्र की सड़कें आ गई थीं। क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का संपर्क अभी भी कटा हुआ है। आपदा प्रभावितों ने प्रदेश सरकार से राहत की गुहार लगाई है। क्षेत्र में सेब सीजन चल रहा है, जिसे निपटाने और बागवानों को राहत पहुंचाने के लिए सड़क बहाली और स्पेन लगाने की भी मांग उठी है। बादल फटने से आई बाढ़ के कारण गानवीं पंचायत में भारी क्षति पहुंची थी। मंगलवार को क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल जिला परिषद अध्यक्ष शिमला चंद्रप्रभा नेगी की अगुवाई में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने की मांग उठाई। साथ ही कहा कि गानवीं में लोगों के घर बाढ़ से तबाह हो गए, घरों में पानी घुस गया और खेत खलिहानों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से बिजली बोर्ड की सड़क को जल्द बहाल करने की गुहार लगाई। एसडीएम से कूट पंचायत में जल्द तार स्पैन स्थापित कर बागवानों को राहत पहुंचाने की मांग उठाई। उधर, एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया है कि मंगलवार शाम तक तार स्पैन लगाने वाली टीम मौके पर पहुंच जाएगी। विभिन्न क्षेत्रों में बागवानों को स्पैन की सुविधा दी जा रही है। इस मौके पर सुभाष नेगी, विजय कटेट, मधुबाला खन्ना, ज्योति प्रकाश, जगदीश मेहता, अनु सहित अन्य मौजूद रहे।