राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मझोली टिप्पर में मंगलवार को एंटी चिट्टा बारे जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर के दौरान बच्चों ने एंटी चिट्टा रैली निकाल कर ग्रामीणों को जागरूक किया। शिविर का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश राण के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों और लोगों को नशा मुक्ति, दवाओं का दुरुपयोग और नशा निवारण बारे जागरूक करना रहा। शिविर में बच्चों ने पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में आरव ने प्रथम, अमन ने द्वितीय, सूर्यांश और सलोनी ने तृतीय स्थान हासिल किया।भाषण प्रतियोगिता में नितिन ने पहला, दीपक ने दूसरा और आदित्य ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्वास्थ्य शिक्षिका कमला ठाकुर ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे से हमारे शरीर के साथ परिवार को भी नुकसान पहुंचता है। आज के युग में नशा एक बड़ी समस्या बन गई है। युवाओं में नशे का प्रचलन कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बच्चों और लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।